पीएम की कलाई पर नोएडा की खुशी ने बांधी राखी
नोएडा। महर्षि स्कूल में पढ़ने वाली खुशी गोस्वामी ने रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधी। प्रधानमंत्री ने खुशी को राखी बांधने के लिए धन्यवाद भी कहा। खुशी और उसका परिवार बहुत खुश है। नोएडा से एक मात्र खुशी को ही यह मौका मिला। खुशी ने बताया कि ‘मेरे लिए ये रक्षाबंधन का तोहफा है’। सुबह पीएम हाउस में राखी बांधने गई थी। वह दो बार प्रधानमंत्री से मिल चुकी हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर विज्ञान भवन में उनके सामने प्रकृति वंदना की प्रस्तुति दी थी। उन्होंने बहुत तारीफ की थी। खुशी ने बताया वह बाल भवन में शास्त्रीय संगीत सीखने जाती हैं। वहीं से प्रधानमंत्री को राखी बांधने के लिए उनका चुनाव हुआ था। खुशी ने बताया कि वह शास्त्रीय संगीत में पहचान बनाना चाहती हैं। खुशी 2018 में विश्व योग दिवस का शीर्षक गीत भी गा चुकी हैं। साथ ही वह विकास खन्ना की मूवी ‘द लास्ट कलर’ और ‘एनसीईआरटी के जिंगल ’ भी गा चुकी हैं। खुशी ने रियाल्टी शो सारेगामापा में भी हिस्सा लिया था। तीसरे राउंड तक पहुंची थी। मथुरा के रिजनल चैनल की तरफ आयोजित शो में सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। ब्यूरो
फोटो------------
कौशल्या वर्ल्ड स्कूल की छात्राओं को पीएम ने दिया आशीर्वाद
ग्रेटर नोएडा। कौशल्या वर्ल्ड स्कूल की छात्राओं ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधी। वहीं, प्रधानमंत्री ने भी छात्राओं को आशीर्वाद दिया। उन्होेंने कहा कि यह त्योहार हमें एक सूत्र में बांधता है। प्रेम व सौहार्द का वातावरण बनाता है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से अपील की कि वह देश की संस्कृति व परंपरा का निर्वहन करें। ताकि भविष्य में छात्र इसे विश्व में प्रसारित कर सके। प्रधानमंत्री आवास पर हुए कार्यक्रम में छात्राओं के साथ स्कूल की चेयरपर्सन कुशल सिंह, प्रधानाचार्य जय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कुशल सिंह ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन का स्कूल सदैव पालन करेगा। पीएम से मिलकर छात्राएं भी भाव विभोर रहीं। ब्यूरो