राजकीय शोक में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाकर रखा
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह/पुन्हाना। देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और पत्रकार रहे स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजली देने के लिए मेवात में सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों पर फहराए हुए झंडों को आधा झुकाकर शोक व्यक्त किया गया। मेवात के नूंह स्थित शहीदी पार्क में फ्लैग फांउडेशन की ओर से लगाए गए 100 फीट झंडे को झुकाकर रखा गया। इसके अलावा नूंह के सरकारी और गैरसरकारी संस्थानों पर भी झंडों को झुका कर शोक व्यक्त किया गया।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी जी भले ही भाजपा और जनसंघ पार्टी में रहे लेकिन वह एक राजनेता के तौर से सबको साथ लेकर चलने वाले आदमी थे। वह हमेशा देश के हित की बात करते थे। उनका करीब 50 साल का राजनीतिक सफर रहा जब-जब कांग्रेस ने कोई काम किया अटल जी ने हमेशा देश हित में सहयोग किया यहां तक की विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी सहित बड़े नेताओं की हमेशा सराहना की थी। अटल समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलते थे। जब-जब भी उनकी पार्टी के नेताओं ने कुछ गलत किया तो अटल ने उनको टोकने का काम किया। आफताब का कहना है कि जिस तरह आज भाजपा धर्म और जाति की राजनीति कर रही है अटल जी हमेशा ऐसी राजनीति से दूर रहे। ब्यूरो