पुन्हाना। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में बुधवार को 1631 किशोरों का टीकाकरण किया गया। जिला प्रशासन ने 15 से 18 वर्ष की आयु के 1,16,440 किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। इनमें करीब 52 हजार बच्चे स्कूल और मदरसों में पढ़ते हैं। किशोरों के टीकाकरण के संबंध में जिला उपायुक्त शक्ति सिंह और शिक्षा विभाग के अधिकारी, मदरसा संचालक व उलेमाओं के साथ बैठक भी कर चुके हैं।
जिला प्रशासन के पास अब तक ऐसा कोई ठोस आंकड़ा नहीं है कि नूंह जिले में 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोर है। प्रशासन ने शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी व अन्य सोर्स से 1,16,440 बच्चों के आंकड़े जुटाए हैं। इन सभी को पहली डोज लगनी है। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि नूंह जिले के सरकारी स्कूलों में 9 से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या 31,422 है। जबकि निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 16,312 है। जिले में सरकारी और निजी स्कूल में कुल 47,734 बच्चे हैं। जमीयत-उलेमा-ए-हिंद की नॉर्थ जोन के पूर्व अध्यक्ष मौलाना याहया करीमी ने बताया कि कोरोना के कारण अधिकतर मदरसों से बच्चे अपने घर चले गए हैं। जिन मदरसों में 15 से 18 वर्ष के बच्चें हैं, उनको टीका लगवाने की पहल शुरू कर दी गई है। मेवात के मदरसों ने पहले भी पहली और दूसरी डोज के टीकाकरण में अच्छी शुरुआत की थी। उपायुक्त ने बताया कि जिले में बुधवार को 1631 किशोरों का टीकाकरण किया गया है। मौसम सही होते ही टीकाकरण में इजाफा होगा।