जगदीश की निशानदेही पर हथोड़ी, कपड़े और चाबी बरामद
गुरुग्राम। दोहरे बुजुर्ग हत्याकांड में संलिप्त दूसरे आरोपी जगदीश की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई हथोड़ी बरामद की है। इसके साथ ही पुलिस ने जसकरण के कपड़े व स्कूटी की चाबी भी बरामद की है। सोमवार को पुलिस ने हत्या में उलझे पेचों को सुलझाने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएट किया। सोमवार को जगदीश की तीन दिन की रिमांड पूरी हो रही है। डीएलएफ सेक्टर-29 थाना प्रभारी निरीक्षक अजयबीर ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की सिफारिश की जाएगी।
निरीक्षक अजयबीर ने बताया कि शनिवार को टीम आरोपी को लेकर निशानदेही के लिए गई थी। पूछताछ में आरोपी जगदीश ने बताया था कि हरनेक सिंह ने जसकरण को मारने की पहले से साजिश रच रखी थी। हरनेक ने उसे अपने घर बुलवाया था। जहां पहले से जगदीश मौजूद था। हरनेक ने घर में रखी हथोड़ी से जसकरण के सिर में वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसकी हत्या के बाद जगदीश और हरनेक बाजार से चाकू खरीदकर आए थे जिससे उसके शव के टुकड़े किए। उसके सिर पर जिस हथोड़ी से वार किया गया था उस हथोड़ी को उन्होंने दिल्ली के अलीपुर में फेंका था जिसे पुलिस ने बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस जगदीश के बताए गए स्थानों पर भी निशानदेही के लिए लुधियाना तक गई। इस दौरान पुलिस ने निशानदेही पर जसकरण के कपड़े व स्कूटी की चाबी भी बरामद कर ली है।
क्राइम सीन रीक्रिएट किया।