भाई दूज पर जिला कारागार में भाइयों को तिलक करने पहुंची बहनों की लगी लाइन।
मथुरा। जेल की चहारदीवारी में बृहस्पतिवार को भाई-बहनों ने भाई-दूज का त्योहार मनाया। भाई दूज पर भाई-बहनों की मुलाकात के लिए जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। जेल में बंद 848 बंदियों से मिलने के लिए 2209 परिजन आए। इसमें 10 भाई ऐसे भी शामिल थे, जिनकी बहनें विभिन्न अपराध में जेल में बंद हैं।
जिला कारागार में बंद भाइयों का तिलक करने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह से ही बहनों की कतारें लग गईं। जेल प्रशासन ने इसके लिए जेल परिसर में खास इंतजाम किए थे। सभी बहनों की चेकिंग के बाद ही उन्हें जेल में प्रवेश कराया गया। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि बहनों का पहला बैच सुबह 9 बजे भेजा गया। इसके बाद देर शाम तक बहनों की उनके भाइयों से मुलाकात कराई।
उन्होंने बताया कि जेल में बंद 848 बंदियों से मिलने के लिए 1561 बहन और 648 बच्चों को जेल में प्रवेश कराया गया। इसके अलावा 10 ऐसे भाइयों को भी प्रवेश कराया गया जिनकी बहन जेल में बंद हैं। जेल आई बहनों के बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था कराई गई। इन टेंटों में उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारियों ने महिलाओं को पानी, बिस्कुट और बच्चों को चॉकलेट का वितरण किया।