स्ट्रीट फूड फेस्टिवल: दर्शकों ने
सीखी न्यूट्रीशियन की एबीसीडी
- एफएसएसएआई दर्शकों को कर रहा बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूक
- इंडेक्स के जरिये न्यूट्रीशियन और हाइजीन की की दी जा रही जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार को दर्शक काफी संख्या में पहुंचे। इस बीच दर्शकों ने देशभर के स्ट्रीट फूड का लुत्फ तो उठाया ही, साथ ही रोजमर्रा के जीवन में न्यट्रीशियन की एबीसीडी भी सीखी। एफएसएसएआई ने दर्शकों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए एबीसीडी कान्सेप्ट और सांप सीढ़ी गेम के जरिये न्यूट्रीशियन के प्रति जागरूक किया। न्यूट्रीशियन की एबीसीडी बच्चों को बेहद पसंद आई।
स्ट्रीट फूड फेस्टिवल की थीम इस बार ईट राइट रखी गई है। फेस्टिवल में आने वाले दर्शकों को यहां पर देशभर के स्ट्रीट फूड खाने का मौका मिल ही रहा है। साथ ही उन्हें पौष्टिक खाने और डाइट के बारे में भी बेहतर जानकारी मिल रही है। फूड फेस्टिवल में आई दिव्या श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें स्ट्रीट फूड बेहद पसंद है और वह हर साल इस फेस्टिवल में आती हैं। उन्होंने बताया कि यहां गुजरात का ढोकला और खाखरा भी खाने को मिला। डीयू की छात्रा ज्योति शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल में वह स्ट्रीट फूड खाने के लिए आई थी, लेकिन यहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के बारे में भी कई ऐसी जानकारी मिलीं, जो सबके लिए आवश्यक है। एफएसएसएआई द्वारा यहां एबीसीडी के जरिये दी जा रही न्यूट्रीशियन की जानकारी बहुत ही लाभकारी है। यहां ए टू जेड तक अंग्रेजी एल्फाबेट्स का चार्ट बनाया गया है, जिसमें दर्शाया गया है कि ए फॉर फिजिकल एक्टिविटी, बी फॉर बैलेंस्ड डाइट, सी फॉर कैल्शियम फॉर बोन्स स्ट्रेंथ और डी फॉर डाइट्री फाइबर समेत अन्य एल्फाबेट्स के जरिये जीवन के लिए बेहद उपयोगी इंडेक्स तैयार किए गए हैं। इन इंडेक्स में खास तौर पर न्यूट्रीशियन के अलावा हाइजीन के बारे में भी दर्शकों को जानकारी दी गई है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा गया है, जिसके लिए यहां आयोजित की जा रही सांस्कृतिक गतिविधियां दर्शकों के मन को खूब भा रही हैं।