घरेलू कामकाजी महिलाओं को सम्मानित करेगी कांग्रेस
पार्टी ने पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार में ‘मेरी मीता’ कार्यक्रम की शुरूआत की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। घरेलू कामकाजी महिलाओं को प्रदेश कांग्रेस सम्मानित करेगी। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने ‘मेरी मीता’ कार्यक्रम की शुरुआत की। पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार से शुरू किए गए इस कार्यक्रम में घरेलू कामकाजी महिलाओं की पहचान कर उन्हें सम्मान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि घरेलू कामकाजी महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों पर अंकुश लग सके व उन्हें अधिकार दिला सके।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि ‘मेरी मीता’ घरेलू कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा, विकास और समानता के लिए एक अनोखा कार्यक्रम है। इसके तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बाबरपुर और करावल नगर जिलों में घर-घर जाकर घरों में काम करने वाली कामकाजी महिलाओं की जानकारी लेंगी। उनके मालिकों का भी ब्यौरा महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित करेंगी। इस पहल से घरेलू कामकाजी महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों पर अंकुश लगेगा। ‘मेरी मीता’ हमारी घर में सहायिका ही नही, बल्कि हमारे घर और परिवार की जिम्मेदारियों को हल्का करती हैं। इस मौके पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस दिल्ली प्रभारी शमिमा शफीक, जिला अध्यक्ष अमरलता सांगवान, दिल्ली प्रदेश महगिला उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, मेरी मीता कार्यक्रम की स्टेट कॉआर्डिनेटर सविता मुन्ना समेत कई लोग उपस्थित थे।