जानकारी छिपाने पर
प्रधानाचार्य गिरफ्तार
- रणहौला के निजी स्कूल में बच्ची से यौन शोषण का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रणहौला के एक निजी स्कूल में चार साल की बच्ची के साथ यौन शोषण के मामले में पुलिस ने स्कूल की महिला प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने पर उसे जमानत मिल गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की जिम्मेदारी प्रिंसिपल की होती है। घटना की जानकारी होने के बावजूद उसने इस तथ्य को छुपाया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कानूनी राय ली जा रही है। अब तक की जांच में सहपाठी ही आरोपी माना जा रहा है। केस में कोई नई बात सामने नहीं आई तो पुलिस संबंधित कानूनी प्रावधान का हवाला देते हुए केस बंद करने के लिए अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश करेगी। पुलिस का कहना है कि कानूनन छह साल से छोटे बच्चे पर आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। स्कूल में चार साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था। बृहस्पतिवार को लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन से इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन प्रिंसिपल ने कोई एक्शन नहीं लिया। घटना के बारे में तब पता चला, जब बच्ची ने पेट दर्द की शिकायत की। परिजन बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास गए, जहां यौन शोषण का पता चला। मां ने बच्ची से बहलाकर पूछताछ की तो सहपाठी के बारे में पता चला। बुधवार को इसकी शिकायत प्रिंसिपल से की गई, लेकिन प्रिंसिपल ने बच्ची को फुसलाया और मामले को दबाने की कोशिश की। उसके बाद लोगों ने तोड़फोड़ की।