डीजल इंजन को इलेक्ट्रिक इंजन में बदला
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने डीजल इंजन को इलेक्ट्रिक इंजन में बदलकर इतिहास रच दिया है। मेक इन इंडिया की दिशा में यह कदम वाराणसी स्थित डीजल रेल इंजन कारखाने में तैयार किया गया है। पुराने हो चुके डीजल इंजनों को इलेक्ट्रिक इंजन में बदला गया। इस इंजन का ट्रायल रन वाराणसी से लुधियाना के बीच किया गया। 5200 टन माल लेकर यह इंजन 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार में सक्षम पाया गया। प्रोटो टाइप इस इंजन को बृहस्पतिवार को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शित किया गया। ब्यूरो
------------------------------
गौतमपुरी में सड़क निर्माण कार्य शुरू
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गौतमपुरी इंजीनियरिंग कॉलेज से पानी की टंकी वाली सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया। 480 मीटर लंबाई वाले इस सड़क के निर्माण पर 1 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। तीन महीने में इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। सीलमपुर के विधायक हाजी इशराख ने सड़क निर्माण का कार्य का उद्घाटन किया। आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडेय ने कहा कि दिल्ली सरकार विकास के काम करके आम जनता का दिल जीत रही है। पहली ऐसी सरकार है जो जनता के काम को प्राथमिकता दे रही है। पहले की सरकारों ने जनता के काम को प्राथमिकता नहीं दी। वो अपनी तिजोरी भर रहे थे। यहीं वजह है कि दिल्ली की जनता सिर्फ आम आदमी पार्टी पर भरोसा करती है। ब्यूरो