समाज के वंचित वर्ग के मसीहा थे डॉ. आंबेडकर : केजरीवाल
-महापरिनिर्वाण दिवस पर पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि दी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ. भीमराव आंबेडकर दलितों और समाज के वंचित वर्ग के मसीहा थे। सामाजिक विषमता को खत्म करने में उनका योगदान रहा है। वे एक महान शिक्षाविद, सामाजिक सुधारक, एक ऐसे राजनेता जो हमेशा समाज में समानता, बंधुता और स्वतंत्रता स्थापित करने के लिए संघर्ष करते थे। उन्होंने संविधान और इसकी प्रस्तावना तैयार की थी। यह बातें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित श्रद्घांजलि कार्यक्रम में कहीं।
भारतीय संविधान के पिता के रूप में डॉ. आंबेडकर की भूमिका को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देश को इस तरह का संविधान दिया है जो नागरिकों को न्याय, सामाजिक समरसता प्रदान करता है। राष्ट्र की एकता और अखंडता का पाठ पढ़ाता है। इस मौके पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, विधायक राखी समेत अन्य विधायकों ने डॉ. आंबेडकर को पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि दी। भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम मुंबई स्थित चैत्य भूमि पहुंचकर संविधान शिल्पी को श्रद्धांजलि अर्पित की।