सर्दी में भी डेंगू का कहर, तीन और मरे
- दिल्ली नगर निगम की रिपोर्ट में खुलासा, नवंबर में 1062 लोग हुए बीमार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आमतौर पर सर्दी की दस्तक से मच्छरों के आतंक से राहत मिलती है, लेकिन इस बार डेंगू का घातक रुप देखने को मिल रहा है। दिल्ली में तीन और लोग डेंगू के चलते दम तोड़ चुके हैं। साथ ही मौत का आंकड़ा चार पहुंच चुका है।
सोमवार को सामने आई दिल्ली नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार इस साल नवंबर में डेंगू से 1062 लोग बीमार पड़ चुके हैं। जबकि अन्य वर्षों को देखें तो साल 2013 से अब तक नवंबर माह में इतने मरीज सामने नहीं आए हैं। जबकि इस साल 1 जनवरी से लेकर 1 दिसंबर तक डेंगू के कुल 2657 मामले सामने आ चुके हैं। डॉक्टरों की मानें तो सर्दी के चलते एडिज मच्छरों का जोर खत्म होने लगता है। इसके चलते डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण लगता है, लेकिन इस बार दिल्ली में विपरीत स्थिति सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण दिल्ली निवासी दो और एक पश्चिम दिल्ली निवासी मरीज की मौत हुई है। दक्षिणी दिल्ली स्थित माता चन्न देवी में भर्ती 13 वर्षीय अमन तिवारी निवासी मोहन गार्डन की मौत 14 अक्टूबर को हुई। जबकि इसी अस्पताल में 21 वर्षीय संस्कृति निवासी पंखा रोड की मौत 28 अक्टूबर को हुई। तीसरा मरीज पश्चिम दिल्ली के बलजीत नगर निवासी गगन नामक 23 वर्षीय युवक की मौत 30 सितंबर को हुई थी। इन तीन मौत से पहले वजीराबाद निवासी एक बच्ची की मौत भी हो चुकी है।
डेंगू का दिख रहा नया रूप
मैक्स अस्पताल के डॉ. विवेका कुमार का कहना है कि साल शुरुआती दिनों से ही डेंगू कंनया रुप देखने को मिल रहा है। आमतौर पर डेंगू के मरीजों को सिरदर्द और बुखार की परेशानी होती है। मैक्स में कुछ ऐसे भी पहुंचे जिन्हें न बुखार आया और न ही सिरदर्द। हालांकि, प्लेटलेट्स कम होने के कारण उन्हें तत्काल भर्ती करना पड़ा। ठीक इसी तरह के मामले कुछ समय पहले एम्स में भी आए थे, जिसके बाद वहां के डॉक्टरों ने डेंगू के नए स्ट्रेन की आशंका व्यक्त की थी।