सांड के हमले से किसान की मौत के बाद हंगामा
मंगरौली गांव में रविवार को खेत में फसल की रखवाली कर रहा था किसान
सभी सांड को पकड़वाने का आश्वासन देकर शव का अंतिम संस्कार कराया
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर। मंगरौली गांव में रविवार को खेत में फसल की रखवाली करते समय एक किसान पर सांड ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रशासन ने रात में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव गांव पहुंचा दिया, लेकिन ग्रामीणों ने क्षेत्र में अक्सर लोगों पर हमला करने वाले सभी सांड के पकड़े जाने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की जिद पकड़ ली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सोमवार शाम तक सभी सांड को पकड़वाने का आश्वासन देकर शव का अंतिम संस्कार कराया।
मंगरौली निवासी राजपाल (56) रविवार को खेत में फसल की रखवाली कर रहा था, इसी दौरान एक सांड ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने उसे जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रशासन ने रात में ही पोस्टमार्टम करा शव गांव भिजवा दिया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना था कि जिम्मेदार विभाग की लापरवाही से लावारिस पशु अक्सर क्षेत्र में लोगों को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन प्रशासन कुछ नहीं करता।
ग्रामीणों के विरोध की जानकारी मिलने पर एसडीएम (जेवर) प्रसून कुमार द्विवेदी, सीओ शरदचंद शर्मा, तहसीलदार विजय शंकर मिश्रा मंगरौली पहुंचे और ग्रामीणों को सभी सांड को शाम तक पकड़वाने का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान जेपी शर्मा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव का अंतिम संस्कार कराया।
एयरगन से इंजेक्शन देकर बेहोश कर पकड़ा
प्रशासन के आश्वासन देने के बाद डॉक्टरों की टीम मेरठ से आई और वाइल्ड लाइफ व वन विभाग के रेंजर्स के साथ दोपहर बाद गांव पहुंची। ग्रामीणों ने खेतों में तीन सांड की घेराबंदी की, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उन सांड को एयरगन से इंजेक्शन देकर बेहोश कर काबू किया।
मंगरौली गांव में एक किसान की सांड के हमले से मौत हो गई। परिजनों ने बेकाबू सभी सांड को पकड़वाने की मांग की थी। टीम को गांव बुलाकर कुछ सांड को पकड़ लिया गया है। बाकी बचे सांड को भी टीम जल्द पकड़ लेगी। मृतक किसान के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
-प्रसून द्विवेदी उपजिलाधिकारी, जेवर