संभल, यूपी के लिए भी उपयोगी
दिल्ली-एनसीआर से चोरी कर
संभल में बेचते थे वाहन
शाहदरा जिला पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे, 17 गाड़ियां बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर संभल के कुख्यात शारिक साठा को बेचने वाले गैंग के तीन अपराधियों को शाहदरा जिला पुलिस ने दबोचा है। आरोपी विकास (27), गौरव उर्फ भिंडी उर्फ गब्बर उर्फ चरण सिंह (28) और फरीद (25) से 17 वाहन बरामद हुए हैं।
शाहदरा जिले की पुलिस उपायुक्त मेघना यादव ने बताया कि सितंबर माह में एक सूचना के बाद गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने ताज एन्क्लेव के पास से विकास को दबोचा था। उसके पास से आदर्श नगर इलाके से चोरी एक बाइक बरामद हुई। छानबीन के दौरान बाद में फरीद और अब गौरव को दबोचा गया है। तीनों की निशानदेही पर कुल 3 कारें व 14 दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं। आरोपियों ने खुलासा किया कि वह चोरी करने के बाद दोपहिया वाहन संभल में कुख्यात वाहन चोर शारिक साठा को पांच से आठ हजार रुपये में बेच देते थे।