रामायण एक्सप्रेस की तरह चलेगी पंज तख्त एक्सप्रेस
-सिख श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की रेल मंत्रालय ने की तैयारी
-लोहड़ी के दिन सफदरजंग स्टेशन से होगी रवाना, पांचों तख्तों के कराएगी दर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रामायण एक्सप्रेस के बाद अब सिख श्रद्धालुओं के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलेगी। पंज तख्त पर्यटन एक्सप्रेस चलाने की तैयारी रेल मंत्रालय ने पूरी कर ली है। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को सिखों के पांचों तख्त के दर्शन कराएगी। उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी आईआरसीटीसी ही करेगी।
यात्रा नौ रात और दस दिन में यह पूरी होगी। श्रद्धालु पांचों तख्तों में जाकर वहां गुरुद्वारों के दर्शन कर सकेंगे। उनको अलग-अलग तख्त के दर्शनों के लिए ट्रेनों की अलग-अलग टिकट बुक कराने की आवश्यकता नहीं होगी। यह ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से चलेगी। यहां से नांदेड़ में हुजूर साहिब जाएगी, जहां श्रद्धालु एक दिन और पूरी रात रुकेंगे। यहां से पटना साहब, वहां से आनंदपुर साहिब, अमृतसर में अकाल तख्त साहिब और फिर दमदमा साहिब लेकर पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन 14 जनवरी को लोहड़ी के दिन शुरू होगी। इसमें सभी कोच एसी थ्री के होंगे। 800 श्रद्धालु एक साथ इस ट्रेन से तख्त का दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए प्रति श्रद्धालु 15750 रुपये खर्च करने होंगे जबकि सारी व्यवस्थाएं रेलवे करेगा।
पांच तख्त साहिबानों की यात्रा को विशेष रेल चलाने का स्वागत
नई दिल्ली। दल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके भारतीय रेलवे द्वारा पांच तख्त साहिबानों की यात्रा के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन का स्वागत किया। वहीं बलबीर सिंह सीचेवाल को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से सदस्य के पद से हटाने के पंजाब सरकार के निर्णय की निंदा की। उन्होंने कहा कि सीचेवाल को हटाने को पंजाब सरकार एवं प्रदूषण फैला रही कंपनियों के माफिया के गठजोड़ में उनका फिट न होना है। सीचेवाल ने गुरू नानक देव जी से संबंधित 160 किलोमीटर लंबी काली बेई को साफ करके मिसाल कायम की थी। जिसके चलते उन्हें भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित किया था। एनजीटी ने उनकी रिपोर्ट के आधार पर पंजाब सरकार पर जुर्माना किया है। जिसके चलते ही सरकार ने यह निर्णय लिया है, जो निंदनीय है। ब्यूरो