स्वराज इंडिया किसान आंदोलन की तैयारी में जुटा
-29 नवंबर को रामलीला मैदान में होगी रैली
- 30 नवंबर को किसान संसद मार्ग तक मार्च करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वराज इंडिया ने किसानों की समस्याओं पर आयोजित होने वाली रैली की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। कर्ज मुक्ति व फसल के वाजिब दाम की मांग के लिए इस रैली में देश भर के किसान जुटेंगे। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में महिला किसान भी हिस्सा लेंगी।
स्वराज इंडिया और जय किसान आंदोलन के नेतृत्व में यह रैली आयोजित होगी। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने बताया कि उत्तर, पूर्व व दक्षिण भारत के किसान बड़ी संख्या में इस रैली में शामिल होंगे। किसानों का एक विशाल जत्था दिल्ली के बिजवासन से 29 नवंबर की सुबह रामलीला मैदान के लिए पैदल कूच करेगा। करीब 25 किलोमीटर की इस यात्रा को 6 घंटे में पूरी की जाएगी। जय किसान आंदोलन संयोजक अभीक साहा ने बताया कि किसान आंदोलनकारी बंगाल, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, तमिलनाडु और कर्नाटक राज्यों से आएंगे। इसमें चाय बागान, तंबाकू, आलू, ज्वार-बाजरा उपजाने वाले किसान भी शामिल होंगे। रैली में किसानों का पूरा कर्जा माफ करो और उनकी फसलों का डेढ़ गुना दाम दो की मांगों के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की सरकार से अपील की जाएगी। 30 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद मार्ग तक पैदल मार्च करेंगे। 28 नवंबर को देश भर से पहुंचे किसान बिजवासन शिविर में ठहरेंगे। महिला किसान फसल से प्रभावित कृषि संकट की कहानियों की प्रस्तुति रामलीला मैदान में देंगी।