द्वारका में नरभक्षी की अफवाह फैलाकर हंगामा का मामला
अफ्रीकी नागरिक अब तक वापस नहीं आए घर
-अनहोनी की आशंका में दोस्तों के साथ रह रहे हैं, पुलिस बोली- आने पर देंगे सुरक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ इलाके में एक किशोर को अगवा कर खाने की अफवाह के बाद घर छोड़कर निकले अफ्रीकी मूल के नागरिक वापस नहीं आए हैं। नागरिकों को शंका है कि वापस आने पर दोबारा हमला हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी अपने दोस्तों के पास हैं। यहां आने के बाद उन्हें सुरक्षा दी जाएगी। पुलिस ने अफ्रीकी नागरिकों का सामान को कमरे में बंद कर दिया है।
पुलिस के अनुसार अफ्रीकी नागरिकों को उनसे जुड़ी एक संस्था मदद कर रही है। जिस मकान में नागरिक रहते थे, वह एक पुलिसकर्मी का है। दो माह पूर्व ही उन लोगों ने कमरा किराए पर लिया था। पुलिस का कहना है कि नागरिकों ने स्थानीय थाने में संपर्क नहीं किया है। लेकिन पुलिस उनके घर पर नजर रख रही है, ताकि यहां आने के बाद उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत न हो।
22 नवंबर की रात हरि विहार के एक मकान में रह रहे अफ्रीकी नागरिकों को आस पास के लोगों ने घेर लिया था। लोगों ने इन पर एक किशोर को अगवा कर उसे खाने का आरोप लगा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया था, लेकिन मकान से पुलिस को कुछ नहीं मिला था। पुलिस अफ्रीकी नागरिकों को बचाकर अपने साथ थाने ले गई थी। पुलिस ने अफ्रीकी महिलाओं की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। पुलिस उस मामले की जांच में जुटी है।