पढ़ाई के अलावा विद्यार्थियों से दूसरी
गतिविधि करवाने वाले शिक्षक नपेंगे
- कार्यशाला के जरिये प्रिंसिपल को किया जाएगा जागरूक
- बताया जाएगा बच्चों को किन गतिविधियों में किया जा सकता है शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के स्कूलों में पढ़ाई पर कम ध्यान देने और बच्चों से दूसरे कार्य करवाने वाले शिक्षकों के लिए जल्द ही कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें उन्हें याद करवाया जाएगा कि बच्चों को किन गतिविधियों में शामिल किया जा सकता है और किसमें नहीं।
दरअसल, पिछले दिनों निगम के स्कूलों में लगातार एक बाद एक दो घटनाओं के सामने आने के बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने इस दिशा में पहल की है। पूर्वी दिल्ली में बच्चाें से मालिश, जबकि उत्तरी दिल्ली क्षेत्र के एक स्कूल में बच्चों से कक्षा की सफाई करवाने का वीडियो सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया है। पूर्वी दिल्ली में शिक्षक को निलंबित कर मामले की जांच चल रही है।
- कार्यशाला में प्रिंसिपल को किया जाएगा जागरूक
निदेशक ने बताया कि शिक्षकों को कई बार कम जानकारी होने की वजह से इस तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। लेकिन इस समस्या को दूर करने के लिए अगले सप्ताह एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी प्रिंसिपल को जागरूक किया जाएगा। बताया जाएगा कि बच्चाें को किन गतिविधियों में शामिल करें और किसमें नहीं। इसके बाद नए सिरे से निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि चूक की गुंजाइश न रहे।
-------
- दोषी पाए गए तो शिक्षक पर होगी कार्रवाई
उधर, उत्तरी दिल्ली के एक स्कूल में भी अध्यापक द्वारा बच्चों से काम करवाने के मामले की एमसीडी जांच करेगा। डायरेक्टर हेमंत एच ने बताया कि इस मामले की जांच अवकाश खत्म होने के बाद शुरू होगी। अगर शिक्षक दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उत्तरी निगम भी ऐसी गलतियां रोकने पर विचार कर रहा है। इसके तहत शिक्षकों को जागरूक किया जाएगा ताकि ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं। उत्तरी दिल्ली निगम क्षेत्र में 714 स्कूल, 7500 शिक्षकों के अलावा 3.25 लाख विद्यार्थी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कर्मियों की कमी के कारण भी कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता है।