मतदाता सूची से नाम कटवाने का मामला
आप हताशा में लगा रही भाजपा पर आरोप : तिवारी
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी अपनी घट रही लोकप्रियता से अवगत हो गई है। उनकी हताशा ही है कि वह भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची से पंद्रह लाख लोगों का नाम कटवाने का आरोप लगा रही है।
तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनता से किए गए वायदे पर खरे नहीं उतरे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को सामने देख गलत बयानबाजी कर रहे हैं। संविधान के संघीय ढांचे पर निरंतर प्रहार करना उनके अराजक होने का भी प्रमाण देता है। चुनाव आयोग द्वारा की गई जांच प्रक्रिया को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बताना किसी संवैधानिक संस्था पर चोट है। चुनाव आयोग द्वारा स्पष्ट रूप से मतदाता सूची से काटे गए नामों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है। ब्यूरो
केएमपी खुल जाने से दिल्ली को मिलेगी प्रदूषण से राहत : तिवारी
नई दिल्ली । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे दिल्ली की जनता को प्रदूषण से राहत देगा। दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण में विफल साबित हुई है। केंद्र सरकार की यह पहल दिल्ली के लिए वरदान साबित होगा। तिवारी ने कहा कि जनता को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वे दूसरे राज्यों पर आरोप-प्रत्यारोप कर प्रदूषण पर अपनी नाकामियों को छिपाने में लगे हैं। केएमपी एक्सप्रेसवे के शुभारंभ से पचास हजार बड़े ट्रकों का आवागमन दिल्ली के बाहर से होगा। इससे दिल्ली को प्रदूषण में भारी गिरावट स्वयं नजर आएगी। भयंकर जाम से मुक्ति मिलेगी और इसके अतिरिक्त सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। ब्यूरो