भक्त डरें नहीं, अफवाहों से रहें दूर
- पंजाब में सत्संग स्थल पर हुए हमले के बाद निरंकारी मंडल ने की अपील
- तीन दिन तक दिल्ली में होगा समागम, कई राज्य के आएंगे भक्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। संत निरंकारी मंडल ने पंजाब में सत्संग के दौरान हुए हमले को लेकर भक्तों से दहशत और अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। इसके विरोध में मंडल की ओर से मारे गए श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गई। हालांकि देर रात तक संत निरंकारी मंडल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मंडल के एक वरिष्ठ सेवादार के अनुसार संत निरंकारी मंडल की ओर से 24 नवंबर से 71वें वार्षिक निरंकारी संत समागम का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस समागम में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, एमपी, राजस्थान सहित दुनिया भर से भक्त पहुंचेंगे। समालखा स्थित निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर होने वाले इस समागम की तैयारियों को भी अंतिम रुप दिया जा चुका है। ऐसे में मंडल का कहना है कि इस तरह की वारदात से भक्तों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए गए हैं। समागम स्थल के पास भोडवाल माजरी रेलवे स्टेशन पर ही 10 नवंबर से 5 दिसंबर तक ट्रेनों का दो मिनट के लिए ठहराव रखा गया है। मंडल के एक पदाधिकारी ने ये भी बताया कि हरियाणा और दिल्ली पुलिस के संयुक्त प्रयासों से सुरक्षा के मजबूत इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही निरंकारी मंडल के सुरक्षा जवान भी तैनात रहेंगे।