कर्नाटक संगीत के मशहूर गायक मैगसैसे पुरस्कार विजेता टीएम कृष्णा ने पंचइंद्रिय पार्क में अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस आयोजन का गवाह बनने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी पहुंचे। इससे पहले कृष्णा के कार्यक्रम की घोषणा पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना के बाद यह कार्यक्रम कथित तौर पर रद्द कर दिया गया था। इसके बाद दिल्ली सरकार ने उन्हें गार्डन ऑफ फाइव सेसेंज में कार्यक्रम का आमंत्रण दिया था।
इससे पहले, कृष्णा के कार्यक्रम में हंगामे की आशंका जताई जा रही थी। देर शाम शुरू हुए इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। बिना किसी बाधा के दर्शकों ने इस कार्यक्रम का आनंद उठाया। दुनियाभर में मशहूर टीएम कृष्णा ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक लगातार ताली बजाते रहे। ‘सुख में सुमिरन सब करें, दुख में करे ना कोय, सुख में सुमिरन करें तो दुख काहे को होय...’ गाकर उन्होंने दर्शकों को विभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया व्यस्तता के बावजूद इस कार्यक्रम में पहुंचे। दर्शक भी काफी बड़ी संख्या में पहुंचे। अपने बेबाक विचारों को लेकर कृष्णा अक्सर विवादों में रहते हैं। आलोचक उन्हें शहरी नक्सली और धर्मांतिरत कट्टर आदि भी कहते हैं।