नया सिटी बस रूट 23 नवंबर से होगा शुरू
गुरुग्राम। साइबर सिटी में लंबे समय से नए सिटी बस रूट को लेकर इंतजार खत्म हुआ। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने सिटी बस के दूसरे रूट की तारीख फाइनल कर दी है। 23 नवंबर को सुबह दस बजे कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह नए रूट की सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक उद्घाटन करेंगे। शनिवार को दूसरे बेड़े की 25 बसें डिपो पहुंच गई हैं।
दो सितंबर को शहर में शुरू हुई सिटी बस सेवा गुरुगमन के बाद जीएमसीबीएल ने प्रत्येक माह नए रूट पर सिटी बसों के संचालन का दावा किया था। पहले रूट पर सफलतापूर्वक संचालन के बाद रूट नंबर-दो (सेक्टर-2 से घाटा गांव) को अक्तूबर माह में शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बसों की डिलवरी में देरी होने से नया सिटी बस रूट में देरी हो रही थी। शुक्रवार को जीएमसीबीएल मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रशेखर खरे की अध्यक्षता में इस संबंध में हुई बैठक में 23 नवंबर से नए रूट के संचालन को लेकर फाइनल मुहर लगा दी गई। जीएमसीबीएल के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी अशोक गर्ग ने बताया कि बसों का फाइनल निरीक्षण पूरा हो गया है। नए रूट में यात्रियों को पहले ही दिन से डिजिटल टिकटिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए 75 नए कंडक्टर की भर्ती के साथ उन्हें प्रशिक्षण देकर तैयार कर लिया गया है।
यह रहेगा रूट
रूट नंबर दो पर सिटी बस सेवा को घाटा गांव से सेक्टर 56, सेक्टर 57, डीएलएफ फेज वन, सुशांत लोक, सेक्टर 27, ब्रिस्टल चौक, सिकंदरपुर, डीएलएफ फेज टू, साइबर हब, हाइवे, एमजी रोड, उद्योग विहार, डूंडाहेड़ा के अलावा पालम विहार सेक्टर-2 तक चलाया जाएगा।
सबसे लंबा रूट होगा
शुक्रवार से शुरू होने जा रहे नए सिटी बस रूट प्रस्तावित रूटों में सबसे लंबा होगा। जीएमसीबीएल के अधिकारियों का दावा है कि इस रूट पर 76 बस स्टॉपेज बनाए गए हैं। जिसमें रैपिड मेट्रो समेत उद्योग विहार से गोल्फ कोर्स रोड की सीधी कनेक्टिविटी होने से सबसे ज्यादा यात्रियों की संख्या भी इसी पर रहेगी।