विरासत का संरक्षण करना हमारी प्राथमिकता: महेश शर्मा
- रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष बोले- ब्लैक ब्यूटी से प्यार करते हैं लोग
- रेल संग्रहालय में हुआ 16वां नेशनल स्टीम कांग्रेस का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विरासत का संरक्षण करना केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की प्राथमिकताओं में से है। धरोहरों का का संरक्षण व संग्रहण होना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी इसका दीदार कर सकें। रेलवे ने अपनी इस विरासत को संभाल कर रखा है। भाप इंजन को संजोना बेहतर कदम है। बच्चे आज इस छुक-छुक गाड़ी से अवगत हो पा रहे हैं। यह बातें केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा ने चाणक्यपुरी स्थित रेल संग्रहालय में आयोजित 16वें नेशनल स्टीम कांग्रेस कार्यक्रम में कही।
डॉक्टर शर्मा ने कहा कि रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्विनी लोहानी के नेतृत्व में एयर इंडिया पहली बार बेहतर हुआ। उम्मीद है कि रेल का भी विकास होगा। इस अवसर पर अश्वनी लोहानी ने कहा कि जब पहली बार स्टीम कांग्रेस की शुरुआत हुई थी तब सोचा नहीं था कि सफर इतना लंबा हो जाएगा। बीते दो दशक में केवल दो बार ही स्टीम कांग्रेस का आयोजन नहीं हुआ। इससे पता चलता है कि भाप इंजन से प्यार करने वाले किस कदर ब्लैक ब्यूटी से प्यार करते हैं।
स्टीम कांग्रेस के पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष लोहानी ने संग्रहालय में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में शामिल बच्चाें को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में भाप इंजन की उत्सुकता को देखकर हमें प्रेरणा मिलती है कि इस मुहिम में और अधिक काम करने की जरूरत है। रेल म्यूजियम पहुंचकर बच्चे काफी मस्ती करते हैं। कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के मुख्य मेकेनिकल इंजीनियर अरुण अरोड़ा, दिल्ली रेल प्रबंधक आरएन सिंह, रेल संग्रहालय के निदेशक अमित, विरासत को संवारने में जुटे रेल अधिकारी अजय सिंह समेत रेलवे के कई अधिकारियाें ने सेमीनार में विचार रखे।