एसओएल की यौन उत्पीड़न समिति में छात्र भी होंगे शामिल
- छात्र भेज सकते हैं अपने नाम, तीन प्रतिनिधियों का होगा चयन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) की यौन उत्पीड़न समिति में अब छात्र भी भागीदारी करेंगे। प्रशासन ने समिति के लिए छात्रों से नाम भेजने को कहा है। इनमें से तीन छात्रों का चयन किया जाएगा। समिति का हिस्सा बनने के लिए प्रत्येक इच्छुक छात्र को नाम, पता, पाठ्यक्रम, वर्ष और रोल नंबर लिखकर भेजना होगा।
यूजीसी के निर्देशानुसार, एसओएल में यौन उत्पीड़न मामले के लिए एक समिति बनाई गई है। समिति यौन उत्पीड़न से संबंधित मामलों को देखेगी। प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थी प्रतिनिधि के रूप में भागीदारी कर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से आंतरिक शिकायत समिति में विद्यार्थी प्रतिनिधि के रूप में नाम भेजने के लिए आग्रह किया है। चयनित छात्र आंतरिक शिकायत समिति(यौन उत्पीड़न समिति तथा जेंडर संचेतना समिति) में विद्यार्थियों के प्रतिनिधि होंगे। प्रशासन का कहना है कि इच्छुक विद्यार्थियों को अपना नामांकन 3 दिसंबर तक एसओएल कार्यालय भेजना होगा।