यापारियों को लामबंद करने में जुटी आप
- दिल्ली के व्यापारी नेताओं को आम आदमी पार्टी में शामिल करने की मुहिम तेज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख आम आदमी पार्टी व्यापारियों को लामबंद करने में जुट गई है। पार्टी ने दावा किया है कि बड़ी संख्या में दिल्ली के व्यापारी नेता आप की सदस्यता लेंगे। आईटीओ स्थित पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली प्रदेश के संयोजक व दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय की उपस्थिति में व्यापारी नेताओं को पार्टी में शामिल किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के व्यापारी नेता बृजेश गोयल ने कहा है कि व्यापारियों का आप के प्रति बढ़ते विश्वास का मुख्य कारण दिल्ली सरकार की बिजनेस फ्रेंडली नीति है। गोयल ने बताया कि कश्मीरी गेट, मोरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार, करोल बाग, कीर्ति नगर, लाजपत नगर, पटेल नगर, ग्रेटर कैलाश, मानसरोवर गार्डेन, साउथ एक्स के व्यापारियों के साथ बैठक में उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने की इच्छा जताई। उनका कहना था कि एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार है, जो ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की बात तो जरूर करती है लेकिन अपनी गलत नीतियों की वजह से बिजनेस करना बेहद मुश्किल बना चुकी है।
दिल्ली की बात करें तो सीलिंग, ऑनलाइन बिजनेस, कनवर्जन चार्ज, नोटबंदी, जीएसटी ने व्यापारी का काम पूरी तरह से खत्म कर दिया है। वहीं, दिल्ली सरकार ने व्यापारियों के प्रति विश्वास जताया है। बीते साढ़े तीन सालों में दिल्ली सरकार ने टैक्स विभाग के इंस्पेक्टर राज से मुक्ति दिलाई है। दिवाली से पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने लिखित तौर पर टैक्स विभाग को व्यापारियों के यहां सर्वे नहीं करने का निर्देश दिया था। व्यापारियों के साथ बैठक कर सार्वजनिक तौर पर अपना फोन नंबर देते हुए कहा था कि अगर कोई टैक्स अधिकारी अकारण परेशान करें तो उन्हें संपर्क किया जाए।