नजफगढ़ क्षेत्र के 19 शौचालयों में बुनियादी सुविधाएं नहीं
-आरटीआई में खुलासा, पुरुषों-महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नजफगढ़ जोन में शौचालयों में बिजली और पानी की बुनियादी कमियां लेागों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। खासकर महिलाओं के लिए, जिन्हें शाम या रात के वक्त इस सुविधा के इस्तेमाल के लिए सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं है। दक्षिणी निगम के मुताबिक किसी भी तरह की बुनियादी कमी को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। अगर, ऐसी समस्या है तो पुराने शौचालय में हैं। इस क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों के लिए कुल 19 शौचालय हैं। आरटीआई में मांगी जानकारी में इसका खुलासा हुआ है।
सूचना के अधिकार के तहत जब सागर शर्मा ने इसकी जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि क्षेत्र में कुल 19 शौचालय हैं, लेकिन इनमें न तो पानी और न ही बिजली के लिए माकूल इंतजाम है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग अलग शौचालय नहीं है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। इस क्षेत्र में पोचनपुर, घुमनहेड़ा, पंडवाला, शिकारपुर गांव, झड़ौदा, छावला, नजफगढ़ सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं, जहां शौचालयों में अभी भी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। दक्षिणी निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ पुराने शौचालयों में इस तरह की समस्या हो सकती है, जिन्हें जल्द से जल्द मरम्मत कर दूर किया जाएगा। सभी बुनियादी सुविधाएं जल्द मुहैया करवाई जाएंगी ताकि निवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।