प्राधिकरण के दो इंजीनियरों
पर आरोप पत्र तैयार
शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट, बर्खास्तगी की कार्रवाई संभव
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी कांड में ग्रेनो प्राधिकरण के कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई थी। इस पर दो इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया गया था। अब इन दोनों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार हो गया है। इसे शासन को भेजा जाएगा। इस पर शासन बर्खास्तगी का भी निर्णय ले सकता है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी गांव में अवैध रूप से बन रही इमारत के गिरने से नौ लोगों की जान चली गई थी। 17 जुलाई को हुई यह घटना चर्चा का विषय बनी। प्राधिकरण, प्रशासन और शासन स्तर पर इसकी जांच हुई। घटना के तुरंत बाद प्राधिकरण के इंजीनियरों की लापरवाही मानते हुए परियोजना प्रबंधक बीपी सिंह और सहायक परियोजना प्रबंधक अख्तर अब्बास जैदी को निलंबित कर दिया गया था। अब आरोप पत्र तैयार हो गए हैं। इन्हें शासन को भेजा जाएगा। केंद्रीयकृत सेवा नियमावली लागू होने के बाद अब कर्मचारियों से संबंधित निर्णय लेने का अधिकार शासन को ही है। ऐसे में वहीं से कार्रवाई होगी। सूत्र बताते हैं कि रिपोर्ट में लापरवाही उजागर हुई है। इस घटना में नौ लोगों की जान गई थी। बड़ी घटना होने के कारण शासन इंजीनियरों की बर्खास्तगी का निर्णय ले सकता है।