शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे डेढ़ करोड़
रबूपुरा। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने सोमवार को रबूपुरा के कई गांवों में जनसंवाद कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने भाईपुर ब्रह्मनान में स्थित शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया।
सोमवार को क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा संसदीय क्षेत्र के सिरौली बांगर, (पलाका), भाईपुर ब्रह्म्मान, खेड़ा मोहम्दाबाद व भुन्ना तगा सहित कई गांवों में ग्रामीणों के बीच बैठे व उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ समस्याओं का मौके पर ही निदान किया गया। कुछ समस्याओं का जल्द निराकरण कराए जाने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया। इस मौके पर जेवर से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, राहुल पंडित, हरिओम वर्मा और दीपक तोमर आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
व्यापारी की मृत्यु, बंद रखे प्रतिष्ठान
रबूपुरा। कस्बे के सब्जी व्यापारी की सोमवार सुबह बीमारी के चलते मृत्यु हो गई। इससे कस्बे का माहौल गमगीन रहा तथा सभी व्यापारियों ने शोक में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। कस्बे के सब्जी व्यापारी विक्की मंगल (35) की सोमवार सुबह अचानक तबियत खराब हो गई थी। बीमार व्यापारी को चिकित्सकों के पास ले जाया गया, परंतु उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। ब्यूरो