पार्क की चारदीवारी टूटी, तार की फेंसिंग भी खराब
सेक्टर-36 में हो रही वारदात, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-36 स्थित पार्क की चारदीवारी टूटी हुई है। मवेशी पार्क में घुस आते हैं। टहलने के लिए बने फुटपाथ भी टूट गए हैं। सेक्टर के चारों ओर तार की फेंसिंग भी खराब हो चुकी है। आपराधिक वारदात की आशंका बनी रहती है।
प्राधिकरण ने सुरक्षा को ध्यान में रखकर चारों ओर तार की फेंसिंग कराई थी। मरम्मत नहीं होने के चलते कई स्थानों से तारें टूट गई हैं। मेन गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, लेकिन बाहरी लोग टूटी हुई फेंसिंग से अंदर आ जाते हैं। सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी कई बार प्राधिकरण से चारदीवारी निर्माण कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं गई। पार्कों का रखरखाव ठीक न होने से हालत खराब है। घास की कटाई नहीं की जा रही है। दिवाली पर भी सेक्टर की सफाई ठीक से नहीं हुई।
सेक्टर की समस्याओं को लेकर प्राधिकरण से शिकायत की गई थी। चारदीवारी बनाने, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने समेत कई मांग की गई है। तार फेंसिंग भी दुरुस्त कराने को कहा गया है।
चंद्रपाल बंसल, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
सेक्टर में 1200 से अधिक परिवार रह रहे हैं। जरूरी सुविधाएं दिलाने को लेकर पदाधिकारी लगातार प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत करते हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
पुष्पेंद्र पंडित, आरडब्ल्यूए महासचिव
अपने सुझाव व समस्याएं इस फोन नंबर 9818555836 पर कॉल करें या व्हाटस् ऐप नंबर पर भेज सकते हैं।