प्रदूषण की समस्या पर मुख्यमंत्री गंभीर नहीं : तिवारी
- खामियाजा दिल्ली को भुगतना पड़ रहा है, जनता उन्हें माफ नहीं करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि दिल्ली दिन प्रतिदिन प्रदूषण बढ़ रहा है, पर सरकार गंभीर नहीं है। ट्विटर पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जहरीले धुएं से दिल्ली की सांसें थमी पड़ी हैं, पर आप (अरविंद केजरीवाल) सपरिवार दुबई की सैर पर हैं। चंदे के नाम पर ब्लैक को वाइट करने की सिग्नेचर डील चल रही है। इसके लिए जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
तिवारी ने कहा कि राजधानी में प्रदूषण विरोधी मास्क और एयर प्यूरीफायर की बिक्री एक व्यापार की तरह विकसित हो रहा है। यह व्यापार प्रगति कर गया तो ताउम्र प्रदूषण खत्म नहीं होने देगा। यह हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाएगा। हमें इस समस्या से बचना है तो सभी मिलकर प्रयास करना होगा। इसका समाधान हम केजरीवाल पर नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करने के सारे प्रयास विफल साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री इसे लेकर गंभीर ही नहीं हैं, जिसका खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ रहा है।