--
फ्लाईओवर के नीचे से गुजरेगा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर
- साकीपुर चौक के पास डीएफसीसी बनाएगा 130 मीटर रोड के लिए फ्लाईओवर
- नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे, मेट्रो और सूरजपुर-कासना रोड के ऊपर से गुजरेगा कॉरिडोर
नंबर गेम
कॉरिडोर की जिले में कुल लंबाई 17 किमी
जिले में कॉरिडोर के रास्ते में आएंगी तीन मुख्य सड़कें और दो नदी
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसीसी) गौतमबुद्ध नगर जिले में तीन मुख्य सड़क नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, सूरजपुर-कासना और 130 मीटर रोड को पार करेगा। कॉरिडोर 130 मीटर रोड के नीचे से गुजरेगा। जबकि, एक्सप्रेसवे और सूरजपुर-कासना रोड के ऊपर से कॉरीडोर जाएगा। सड़कों को पार करने का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। डीएफसीसी अफसरों का कहना है कि जल्द ही डिजाइन तैयार हो जाएगा। अगले साल पुल बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
गौतमबुद्ध नगर में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण का कार्य दो साल से चल रहा है। जिले में कॉरिनोर कुल लंबाई 17 किलोमीटर की है। इस दौरान तीन मुख्य सड़क और दो नदी रास्ते में आ रही है। इनमें केवल 130 मीटर रोड को छोड़कर बाकी सभी के ऊपर से कॉरिडोर गुजरेगा। साकीपुर गांव के पास कॉरिडोर और 130 मीटर रोड एक-दूसरे से मिलेंगे। यहां कॉरिडोर नीचे रहेगा। 130 मीटर रोड कॉरिडोर के ऊपर से जाएगा। इसके लिए डीएफसीसी 130 मीटर रोड के लिए पुल बनाएगा। वहीं सूरजपुर-कासना रोड में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। एलजी और मोजर बेयर गोल चक्कर के बीच रोड पर कॉरिडोर का पुल बनेगा।
एक्सप्रेसवे और मेट्रो को एकसाथ करेगा पार
वेस्टर्न कॉरिडोर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और मेट्रो को एकसाथ पार करेगा। सेक्टर-146 के पास कॉरिडोर और एक्सप्रेसवे मिल रहे हैं। यहीं पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो का ट्रैक भी है। डीएफसीसी का कहना है कि एक्सप्रेसवे और मेट्रो के ऊपर पुल बनाया जाएगा। ताकि, दोनों को एक बार में पार किया जा सके। इसके लिए मेट्रो ट्रैक की ऊंचाई को पहले ही कम करा दिया गया था।
50 प्रतिशत पूरा हो चुका है पुल का काम
यमुना और हिंडन नदी पर डीएफसीसी पुल बनाने का निर्माण कार्य कर रही है। दोनों पुल का काम करीब 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जबकि, ट्रैक पर मिट्टी का काम चल रहा है। प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य मार्च, 2021 तय किया गया है।
बिजली, फोन व गैस की लाइन से आ रही रुकावट
कॉरिडोर की लाइन में बिजली, फोन, गैस आदि की लाइन आ रही है। इनके कारण काम में रुकावट आ रही है। डीएफसीसी की तरफ से संबंधित विभागों को पत्र भेजा है। ताकि, लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। गौतमबुद्ध नगर में 130 मीटर रोड को छोड़कर अन्य सभी सड़कों व मेट्रो ट्रैक के ऊपर कॉरिडोर रहेगा। सभी जगह पुल बनने डिजाइन लगभग तैयार हो गया है। अगले साल से पुल बनाने का काम शुरू हो जाएगा।- राजेंद्र सिंह, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर, डीएफसीसी