दिल्ली में स्वाइन फ्लू का संकट, 95 लोग पहुंचे अस्पताल
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में डेंगू के साथ स्वाइन फ्लू का असर भी तेजी से दिखने लगा है। पिछले कुछ ही समय के भीतर राजधानी में 95 लोग इसके संक्रमण में आ चुके हैं। विभिन्न अस्पतालों से पहुंचे आंकड़ों के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सामने आई रिपोर्ट के अनुसार राजधानी में 95 लोगों को अब तक स्वाइन फ्लू हो चुका है, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। हालांकि बताया जा रहा है कि दिल्ली में पिछले कुछ वर्षों की तुलना में अबकी बार स्वाइन फ्लू के वायरस कम प्रभावी नजर आ रहे हैं।
आमतौर पर अक्तूबर माह में स्वाइन फ्लू के ज्यादातर मरीज देखने को मिलते हैं, लेकिन इस साल जुलाई से ही दिल्ली में स्वाइन फ्लू का असर दिख रहा है। मैक्स अस्पताल के डॉ. विवेक कुमार की मानें तो इस वक्त मिशिगन स्ट्रेन का जोर होने के कारण स्वाइन फ्लू वायरस का प्रभाव कम है। दरअसल, एच-1 एन-1 वायरस के छह स्ट्रेन होते हैं, जिसमें से एक है मिशिगन स्ट्रेन। वर्ष 2016 में भारत में पहले मिशिगन स्ट्रेन की पुष्टि पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला के जरिए हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार इस साल 30 सितंबर तक भारत में स्वाइन फ्लू की वजह से 353 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4484 मरीज अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। अभी तक सर्वाधिक मरीजों की मौतें राजस्थान में 164 हुई हैं।