युवाओं को अपराध से निकालकर दिल्ली पुलिस ने किया अच्छा काम : रिजिजू
-दिल्ली पुलिस के मेगा जॉब फेयर में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री ने की पुलिसकर्मियों की प्रशंसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने युवा स्कीम की पहली वर्षगांठ पर सोमवार को सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम में मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया। इस दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेण रिजिजू ने दिल्ली पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस ने युवाओं को अपराध की दुनिया से निकालकर और रोजगार दिलवाकर अच्छा काम किया है। दिल्ली पुलिस देश की पहली पुलिस है, जो इस तरह का कदम उठा रही है। दिल्ली पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस के लिए उदाहरण पेश किया है। वह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक समेत दिल्ली पुलिस के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि अपराध को रोकना हमेशा फोकस एरिया रहा है। अगर हम पुलिस व्यवस्था से पहले अपराध को रोक सकते हैं, तो समाज में बड़ा योगदान कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मेले में काफी कंपनियां पहुंची हुई थीं। करीब 1300 युवाओं के साक्षात्कार हुए और 700 युवाओं को नौकरी दी गई। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने युवा योजना को गत वर्ष 29 अगस्त को शुरू किया था। इसमें दिल्ली पुलिस को पांच हजार युवाओं का कौशल विकास का टारगेट दिया गया था। पहले चरण में आठ पुलिस थानों में ट्रेनिंग सेंटर खोले गए थे। दूसरे चरण में 20 थानों में ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे। इसके तहत युवाओं को विभिन्न तरह के रोजगार प्रदान किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न सेंटर पर कोर्स कर चुके करीब तीन हजार से ज्यादा युवा मेले में आए थे। दस हजार से लेकर पैतीस हजार की सैलरी पर उन्हें नौकरी दी गई। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवा योजना के तहत किसी मजबूरी के चलते अपराध की दुनिया में उतरे युवाओं को समाज से जोड़कर रोजगार दिलवाया जाता है।
रूपेश के परिजनों ने कैंडल मार्च निकाला
नई दिल्ली। तैमूर नगर हत्याकांड मामले में रूपेश बसोया के परिजनों ने सोमवार शाम कैंडल मार्च निकाला। इस कैंडल मार्च में रूपेश के परिजनों, रिश्तेदार व दोस्तों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कैंडल मार्च निजामुदुदीन ईस्ट से लेकर सराय काले खां गांव तक निकाला गया। इस दौरान मृतक रूपेश बसोया को शहीद का दर्जा देने, उचित मुआवजा देने व ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई। दिल्ली के भजनपुरा में भी कैंडल मार्च निकाला गया। ब्यूरो