कुत्तों की जोड़ी ने झपटमार को पकड़वाया, पुलिस ने छोड़ा
- महिला से चेन झपटकर भागने की कोशिश कर रहे थे
- कुत्तों ने पीछा कर घेरा, एक बदमाश फरार
- शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने बदमाश को छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी सेक्टर सात इलाके में कालू व गोलू नाम के कुत्तों की जोड़ी ने झपटमारों पर भारी गई। बदमाश महिला से चेन झपटने की कोशिश कर भाग रहे थे। तभी इन कुत्तों ने दोनों बदमाशों का पीछा कर घेर लिया। इसी बीच लोग पहुंच गए और एक आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने पीड़िता से शिकायत नहीं मिलने पर बदमाश को छोड़ दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला संज्ञान में आने के बाद वरिष्ठ पुुलिस अधिकारी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक गत 3 अक्तूबर को रोहिणी सेक्टर सात के सी ब्लॉक साईं बाबा मंदिर के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने एक महिला को धक्का देकर उससे सोने की चेन झपटने की कोशिश की, तभी दोनों असंतुलित होकर गाड़ी सहित गिर गए। जब स्कूटी उठाकर बदमाश भागने लगे तो गली में मौजूद कालू और गोलू नाम के दो कुत्तों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुत्तों के भौंकते हुए देख पड़ोसी अमित गुप्ता बाहर निकले। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने देखा कि भागते हुए दो बदमाश स्कूटी से गिर गए हैं और कालू और गोलू ने उन्हें घेरे रखा है। गुप्ता ने शोर मचाया तो अन्य लोग पहुंच गए और बदमाशों को दबोच लिया। हालांकि इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल हो गया। उधर, महिला के हाथ में टूटा हुआ चेन था। महिला वहां से चली गयी। पूरी वारदात अमित के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अमित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को हिरासत में लेकर रोहिणी नार्थ थाने लेकर आई। शनिवार को अमित ने थाने में बदमाश के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि शिकायत नहीं करने पर पुलिस ने बदमाश को छोड़ दिया है। अब पुलिस अधिकारी मामले की संज्ञान में आने के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।