केजरीवाल बोले, एमसीडी भ्रष्टाचार का अड्डा
पांडव नगर के आरडब्ल्यूए संवाद में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर किया तीखा हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में शनिवार को आयोजित आरडब्ल्यूए संवाद में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और एमसीडी पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अपनी राजनीति साधने के लिए भाजपा शासित एमसीडी दिल्ली के सफाई कर्मियों व दिल्लीवालों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही है। एमसीडी भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी हैं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र प्रभारी आतिशी और पार्टी विधायक भी मौजूद थे।
केजरीवाल ने कहा कि सफाई कर्मियों के वेतन की रकम ठेकेदारों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 2014-15 में राष्ट्रपति शासन के दौरान जितनी रकम केंद्र से एमसीडी को मिली थी, उससे दोगुने का आवंटन मौजूदा वित्त वर्ष में दिल्ली सरकार ने कर दिया है। राष्ट्रपति शासन के दौरान पूर्वी एमसीडी को 396 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें से भी केंद्र ने 45 करोड़ रुपये लोन रिकवरी के काट लिए थे। इस साल की पहली छमाही में दिल्ली सरकार ने 770 करोड़ रुपये पूर्वी एमसीडी को आवंटित किए हैं। इसके बावजूद सफाई कर्मियों का वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली सरकार को बदनाम करने की साजिश में यह भी भूल गई है कि सफाई कर्मियों के साथ सड़कों पर पड़ी गंदगी से आम दिल्लीवालों को भी काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एमसीडी का दिल्लीवालों से कोई ताल्लुक नहीं है। भाजपा व एमसीडी दिल्लीवालों से सिर्फ राजनीति कर रही है। केजरीवाल के मुताबिक, दिल्ली सरकार से मिली रकम एमसीडी ने ठेकेदारों को दे दी।
पार्कों और बगीचों का शहर बनाने की मंशा
मुख्यमंत्री ने आरडब्ल्यूए से कहा कि उनकी मंशा दिल्ली को पार्कों व बगीचों को शहर बनाने की है। हमारी साझा जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों व बुजुर्गों को साफ-सुथरा व हरा-भरा पार्क मुहैया कराएं। केजरीवाल ने अपील की कि आरडब्ल्यूए व पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले एनजीओ दिल्ली के हित में पार्क व बगीचों को गोंद लें। इसके लिए सरकार ने एक योजना लांच की है, जिसका मकसद दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाना है। सरकार ने पार्क व बगीचों के विकास पर मिलने वाली आर्थिक सहायता को दोगुना कर दिया है। वहीं, एसटीपी की मदद से सिंचाई की समस्या का समाधान भी निकाला गया है।