ग्रेंड वेनिस मॉल के दो निदेशकों
समेत चार पर एफआईआर दर्ज
भुगतान और अलॉटमेंट लेटर के बावजूद खरीदार को नहीं दिया दुकान पर कब्जा
- पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज की रिपोर्ट, कई अज्ञात भी आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेंड वेनिस मॉल (भसीन इंफोटेक एंड इंफ्रास्ट्राक्चर प्रा. लि.) के निदेशक एसएस भसीन, जेएस भसीन और एमएस आलूवालिया, कुंसी भसीन व अज्ञात आरोपियों पर कासना कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मॉल में दुकान खरीदने वाले विकास सक्सेना का आरोप है कि पूरी कीमत अदा करने और पजेशन लेटर देने के बावजूद उन्हें कब्जा नहीं दिया गया है। मामले की शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर विकास सक्सेना ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर की एटीएस सोसायटी निवासी विकास सक्सेना ने रिपोर्ट में कहा है कि वर्ष 2009 में उन्होंने ग्रेंड वेनिस मॉल में दुकान बुक कराई थी। इसके लिए उन्होंने लगभग 7.80 लाख रुपये चेक से अग्रिम भुगतान किया था। बाद में एरिया बढ़ाने की बात कहकर कीमत बढ़ा दी गई। इसके बावजूद, विकास सक्सेना ने कुल कीमत से अधिक लगभग 25 लाख का भुगतान कर दिया। आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों ने वर्ष 2015 में दुकान पर कब्जा देने का वादा किया था, पर नहीं दिया गया। इसके बाद आरोपी बार-बार रुपया लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन रकम वापस नहीं की गई। कासना कोतवाली प्रभारी आजाद सिंह तोमर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
इसी मॉल में दुकान खरीदने वाले कई और लोगों ने भी भसीन इंफोटेक एंड इंफ्रास्ट्राक्चर प्रा. लि. के निदेशकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रखी है। तय समय पर पजेशन न देने पर यह मामले दर्ज हुए हैं। साथ ही इस मॉल को बनाने के लिए रिजर्व प्राइज से कम दर पर जमीन दिए जाने और तय एफएआर से अधिक उपयोग करने की भी जांच चल रही है। यीडा के सीईओ इसकी जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट शीघ्र आने के आसार हैं।