केजरीवाल की आंखों पर चढ़ा मजहबी चश्मा : विजेंद्र गुप्ता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विवेक तिवारी हत्याकांड मामले को मुख्यमंत्री केजरीवाल जातीय व धार्मिक रंग देकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। उन्होंने आंखों पर मजहबी चश्मा चढ़ा रखा है। यह बात विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहीं।
गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली में आप लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए वह गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं। लखनऊ में घटित इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का किसी जाति, धर्म से कोई सरोकार नहीं है। उलजलूल आरोप-प्रत्यारोप का कोई मतलब नहीं है। केजरीवाल का यह शर्मनाक बयान उनकी छोटी राजनैतिक मानसिकता को दर्शाता है। उधर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने भी ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री को एक युवक की निर्मम हत्या को धर्म से जोड़ने पर दिल्ली की जनता शर्मसार हुई है। सत्ता के लोभ में केजरीवाल इस तरह के बयान दे रहे हैं।
-------
वेबसाइटों से हटेगी व्यक्तिगत जानकारी
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सभी विभागों से वेबसाइटों पर आधार और मोबाइल नंबर जैसी व्यक्तिगत जानकारी वाले दस्तावेज अपलोड नहीं करने को कहा है। इस तरह की जानकारी को तुरंत हटाने के लिए भी कहा गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद दिल्ली सरकार ने इस तरह के आदेश दिए है।