नैक की टीम डीयू के विभागों का करेगी दौरा
- तैयारियों के आकलन में जुटी डीयू की टीमें, 29 से 31 अक्तूबर के दौरान आएगी टीम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (नैक) के अगले महीने होने वाले दौरे से पहले अपने विभागों को प्रश्नावली भेजकर पूछा है कि क्या डीयू के विभागों में राष्ट्रीय उत्सव और भारत की महान हस्तियों की जयंती मनाई जाती है। 29 से 31 अक्तूबर के दौरान नैक की टीम, डीयू के अलग-अलग महकमों का दौरा करेगी।
नैक की ओर से की जाने वाली ग्रेडिंग के आधार पर ही विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से कोष एवं अनुदान उपलब्ध करवाया जाता है। ऐसे में नैक की ग्रेडिंग की भूमिका और अहम हो जाती है। एक शिक्षाविद् ने बताया कि नैक के दौरे से पहले डीयू ने टीमें गठित कर दी हैं, जो अलग-अलग विभागों का दौरा कर वहां की तैयारियाें का आकलन कर रही हैं। प्रशासन ने इस संबंध में विभागों को 13 सवालों की प्रश्नावली भेजी है, जिनमें विश्वविद्यालय से जुड़े तमाम पहलुओं पर सवाल हैं। मसलन, क्या विभागों में राष्ट्रीय उत्सव और भारत की महान शख्सियतों की जयंती-पुण्यतिथि मनाई जाती है, छात्रों से संबंधित मुद्दों के लिए समितियां हैं, यौन उत्पीड़न की शिकायत, लैंगिक संवेदनशीलता, पूर्वोत्तर के छात्रों की सुरक्षा, रैगिंग एवं हुड़दंग रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदम शामिल हैं। इन समितियों में छात्रों की क्या हिस्सेदारी है, विभागों में छात्रों के संगठन, उनका गठन और चुनाव में पारदर्शिता सहित कामकाज से जुड़े तमाम पहलुओं से संबंधित सवाल प्रश्नावली में शामिल किए गए हैं।