छत के ऊपर लटकी तार से लगा करंट, युवक की मौत
- महिला समेत तीन अन्य झुलसे, अस्पताल में भर्ती
- ग्रामीणों ने कहा हादसे की सूचना के बाद देर से बंद की गई आपूर्ति, मौके पर नहीं पहुंचा बिजली विभाग का अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव कोट में शनिवार शाम को तेज हवा और बारिश के दौरान छत पर लटके बिजली की तारों से करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं महिला समेत तीन अन्य लोग झुलस गए। हादसे की सूचना देने के बाद भी देर से बिजली की आपूर्ति बंद करने और विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दादरी क्षेत्र के गांव कोट में बिजली की एलटी लाइन कई स्थानों पर घरों के ऊपर से जा रही है। शनिवार शाम के तेज हवा चलने और बारिश आने से के बाद प्रवीण कुमार पुत्र सूखा के घर के ऊपर लटके बिजली के तारों को हटा रहा था। उसे आशंका थी कि तार थोड़ा और नीचे लटक गए तो घर में करंट दौड़ सकता है। जैसे ही प्रवीण (22) ने तार को हटाने के लिए डंडे से हटाने का प्रयास किया। उसेे करंट लगा गया। करंट लगने से उसकी तेज चीख निकली। चीख सुनकर उसका भाई धमेंद्र और दीपांशु दौड़ा तो पड़ोस की महिला सविता भी पहुंच गई। बिजली का करंट सभी को लग गया, जिसमें प्रवीण कुमार की मौत हो गई। साथ ही धर्मेंद्र, दीपांशु और सविता झुलस गए। घायलों को दादरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना गांव में फैल गई। तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को खबर की गई। आरोप है कि जानकारी देने के काफी देर बाद बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद की गई और सूचना के बाद भी विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। मृतक का शव का परिवार के लोगों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।
कई बार दी जा चुकी है शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को छत के ऊपर से लाइन को हटाने के लिए कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है। विभाग के अधिकारियों का लापरवाही के चलते लाइन को नहीं हटाया गया है। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच करके दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ट्रांसफार्मर हटवाने के विवाद में किया हमला
दादरी। मायचा की मढ़ैया में घर के पास लगे ट्रांसफार्मर को हटवाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिसमें एक महिला घायल हो गई। मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक कपिल शर्मा का आरोप है कि रविवार सुबह घर पर उनकी वृद्ध दादी राजेश्वरी और ताऊ कंछी शर्मा घर पर अकेले थे। उसी दौरान पड़ोस के तीन युवक आए और घर में बैठे दोनों पर हमला कर दिया। तीनों घर के सामने ट्रांसफार्मर हटवाने से नाराज थे। शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के लोगों के आने के बाद तीनों फरार हो गए। आरोप है कि तीनों ने उन्हें ट्रांसफार्मर हटवाने पर जान से मारने की धमकी दी है। हमले में राजेश्वरी के पैर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित कपिल ने तीन लोगों को आरोपित करते हुए कोतवाली में शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो