ग्रेनो और आसपास के क्षेत्रों में बंद रहे 600 मेडिकल स्टोर
- ई-मेडिसिन के विरोध में मेडिकल एसोसिएशन का ग्रेनो बंद और प्रदर्शन
- दवा विक्रेताओं ने निकाली रैली, जिलाधिकारी कार्यालय और बाजारों में प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
ई-मेडिसिन सहित अन्य मांगों के विरोध में विभिन्न केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से बुलाए गए देशव्यापी बंद का असर ग्रेटर नोएडा में भी दिखा। इस दौरान ग्रेटर नोएडा, दनकौर, रबूपुरा, दादरी, जेवर, बिलासपुर, मंडीश्यामनगर में करीब 600 मेडिकल स्टोर बंद रहे। बंद के दौरान आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, अस्पतालों में मेडिकल स्टोर खुले रहे। वहीं दवा विक्रेताओं ने शहर में वाहनों की रैली निकाली और जिलाधिकारी कार्यालय और अल्फा-2 में विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रेटर नोएडा केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन के बैनर तले शुक्रवार सुबह 9 बजे मेडिकल स्टोर संचालक बड़ी संख्या में कैलाश अस्पताल के पास इकट्ठा हुए। यहां से जिलाधिकारी कार्यालय सूरजपुर तक 60 से 70 बाइक और कारों की रैली निकाली गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गर्ग ने बताया कि देश में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से नशे की दवाओं पर अंकुश नहीं लग पाएगा। बिना दवाओं के पर्चे के ऑनलाइन दवाएं उपलब्ध होने से युवाओं में नशे की लत बढ़ सकती है। इसके अलावा गांव-शहरों में लाखों मेडिकल स्टोर संचालकों के रोजगार पर भी चोट लगेगी। एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी के नाम सिटी मजिस्ट्रेट गुंजा सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर विमल अग्रवाल, नरेश कुमार, रविंद्र कुमार, राजेश चौधरी, सुशील कुमार त्यागी, विनीत पंडित, रियाजुल हुसैन, गौरव मित्ल आदि मौजूद रहे।
दूसरी तरफ, अल्फा-2 में ग्रेटर नोएडा मेडिकल स्टोर संचालक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले मेडिकल स्टोर संचालक इकट्ठा हुए। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर अनूप खन्ना, अमित शर्मा, वेदप्रकाश, अनुज चौधरी, रिंकज शर्मा, राजीव राठी, उदयराज, परमानंद, सौरभ बंसल आदि उपस्थित रहे।