सीलिंग पर शह और मात की राजनीति
आप ट्रेड विंग से बहस करने नहीं पहुंचे मनोज तिवारी, भाजपा ने करार दिया नौटंकी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सीलिंग मुद्दे पर दिल्ली की पार्टियां शह और मात के खेल में जुटी हैं। हर पार्टी दूसरी पार्टियों को सीलिंग के लिए जिम्मेदार ठहरा रही है। आप ट्रेड विंग ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को खुुली चुनौती देते हुए सीलिंग मुद्दे पर बहस के लिए बुधवार को चांदनी चौक आमंत्रित किया था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष इस बहस में नहीं पहुंचे। आप ट्रेड विंग ने इसे निराशाजनक करार दिया है तो चांदनी चौक नागरिक मंच ने इसे नौटंकी करार दिया है।
आप ट्रेड विंग के कन्वीनर बृजेश गोयल ने दावा किया कि सैकड़ों व्यापारी सीलिंग मुद्दे पर मनोज तिवारी से प्रश्न पूछने पहुंचे थे, लेकिन उनके नहीं आने से उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा कि लाजपत नगर, डिफेंस कॉलोनी, छतरपुर, विश्वास नगर, त्रिनगर इलाकों के व्यापारी पूछने आए थे कि उनकी दुकानों की सील कब खुलेगी। गोयल ने कहा कि तिवारी ने खुद एक चैनल पर इस मुद्दे पर बहस के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें इसके लिए अधिकृत किया, फिर भी तिवारी नहीं पहुंचे।
चांदनी चौक नागरिक मंच के सचिव और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर और निगम पार्षद रविंद्र कुमार ने आप ट्रेड विंग के दावे को नौटंकी करार दिया। कपूर ने कहा कि व्यापारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी की नौटंकी को भली-भांति समझते हैं। वे जानते है कि दिल्ली सरकार ने पिछले नौ महीने में सीलिंग एवं तोड़फोड़ रुकवाने का कोई सार्थक प्रयास नहीं किया। इसके बजाय तरह-तरह के प्रपंच रचकर चांदनी चौक घंटाघर पर नौटंकी की। इसमें व्यापारी तो दूर, आप ट्रेड विंग अपने 50 कार्यकर्ता भी नहीं जुटा पाई।
दूसरी ओर, मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा कि केजरीवाल जी आपको डिबेट का बहुत शौक है तो किसी एक भाजपा कार्यकर्ता को चुन लें। नाकामियों की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि हमारा बूथ का कार्यकर्ता भी आपको निशब्द कर देगा। आप तो दिल्ली डॉयलॉग कमीशन के अध्यक्ष हैं। ओबामा को भी बहस के लिए चुनौती दे सकते हैं। आपसे बात करने आपके घर भी गया था, लेकिन वहां भी आपने माहौल खराब कर दिया।