स्वच्छता ही सेवा अभियान से बढ़ी मुश्किलें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । स्वच्छता ही सेवा अभियान लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा रहा है। रेलवे ने अभियान के तहत शौचालयों को साफ रखने के लिए रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक शौचालयों पर ताले लगाने का निर्णय लिया है। ऐसे में प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रात को शौचालयों पर ताले लगा दिए जा रहे हैं। यहां गेट के पास सफाई कर्मी मौजूद रहते हैं, जो शौचालय के लिए यात्रियों को कहीं और जाने को कहते हैं। दरअसल, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शौचालय गंदा मिलने पर रेल मंत्री ने अधिकारियों का जम कर फटकार लगाया था। इसके बाद से ही इस तरह की व्यवस्था की गई है। उधर, दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक का कहना है कि रात के 12 बजे से सुबह चार बजे स्टेशन स्थित शौचालयों को बंद करने की अनुमति दी गई थी। शौचालयों की सफाई के लिए इसे बंद रखा जा रहा है। इससे अधिक समय के लिए शौचालय बंद किए जा रहे हैं तो ठीक नहीं है। इस व्यवस्था को जल्द ठीक कर लिया जाएगा।