परी चौक से 5 बस सीज, 12 को चेतावनी
जाम मुक्ति के लिए पुलिस ने 500 मीटर तक बस रुकने पर लगाया प्रतिबंध
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। जाम से निपटने के लिए परी चौक से 500 मीटर तक कोई भी वाहन खड़े नहीं होंगे। इसके बावजूद मंगलवार को कई बसें यहां खड़ी हो गईं। एक एंबुलेंस भी कुछ देर के लिए रुकी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 बसों को पकड़ा। इनमें पांच को सीज कर दिया गया, जबकि 12 को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
परी चौक से काफी यात्री बस आदि से कासना, जेवर, आगरा, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, मथुरा, नोएडा, दिल्ली, सूरजपुर जाते हैं। मुसाफिरों बढ़ने पर यहां बस और ऑटो भी आकर खड़े हो जाते थे। इससे सड़क पर जाम लग जाता है। परी चौक चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि रोक के बावजूद मंगलवार को 17 रोडवेज और अन्य बसें परी चौक पर आकर खड़ी हो गईं। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस यूनियन का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन करेंगे। गौरतलब है कि रविवार को परी चौक से लगभग 500 मीटर दूर नोएडा के रास्ते पर और पुलिस चौकी से लगभग 200 मीटर दूर वाहनों को रोकना शुरू किया गया था। ब्यूरो