सेक्टर-18 में सात एकड़
में बनेगा यीडा का दफ्तर
डिजाइन तैयार करने के लिए कंपनी का चयन जल्द
- यीडा सेक्टर 18 व 20 में आवंटियों को कब्जा देने का काम शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यीडा ने दफ्तर के लिए सेक्टर-18 में 7 एकड़ जमीन आरक्षित की है। यहां चार मंजिला पूरी तरह ग्रीन बिल्डिंग बनेगी। यही प्राधिकरण का मुख्यालय होगा। इसके निर्माण की तैयारी यीडा ने शुरू कर दी है। इसके लिए इसी हफ्ते आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) निकाला जाएगा। आवेदन करने के लिए एक माह का समय होगा। इसके जरिये किसी कंपनी का चयन किया जाएगा।
दरअसल, यीडा सेक्टर-18 और 20 में आवंटियों को पजेशन देने लगा है। अगले साल मार्च तक सभी को पजेशन देने का लक्ष्य है। इसके बाद वहां निर्माण भी शुरू होगा। इस दौरान आवंटियों को कोई दिक्कत आई तो वह कहां शिकायत करने जाएंगे। अभी यमुना प्राधिकरण का दफ्तर ग्रेटर नोएडा में है। आवंटियों को इतनी दूर आने में दिक्कत होगी। इसे देखते हुए यमुना प्राधिकरण ने अपना दफ्तर बनाने का फैसला किया है। इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि मार्च तक यहां दफ्तर बनाने का लक्ष्य है। अगर पूरा तैयार न हो सका तो आवंटियों से जुड़े कुछ विभाग इसमें शिफ्ट हो जाएंगे। इसी हफ्ते आरएफपी प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।