तीन मिनट में स्थगित कर दी स्थायी समिति की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हंगामे की आशंका को देखते हुए पूर्वी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक शुरू होने के महज तीन मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी की सदस्या रेखा त्यागी ने अपना पक्ष रखने की कई बार कोशिशें की, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल सका। लेकिन इस दौरान सभी प्रस्ताव पारित करते हुए बैठक स्थगित कर दी गई।
भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी की ओर से गोकलपुर गांव में सील तोड़ने, सफाई कर्मियों की हड़ताल और निगम अधिकारियों द्वारा दोबारा सील लगाने सहित अन्य मुद्दों पर हंगामे के आसार को देखते हुए बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। सदस्या रेखा त्यागी ने भाजपा सरकार पर सीलिंग के नाम पर जनता को बरगलाने के आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि सीलिंग तोड़ने और दोबारा लगाने की बजाय सील हटाने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।