सीलिंग के खिलाफ सड़क पर गोयल, व्यापारियों के साथ किया प्रदर्शन
बोले- कनवर्जन चार्ज देने के बाद भी सीलिंग का मसला मानीटरिंग कमेटी के सामने उठाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । सीलिंग की खिलाफत करने की मुहिम में भाजपा नेता जुट गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बाद संसदीय कार्य राज्य मंत्री विजय गोयल भी सड़क पर उतर गए हैं। त्रिनगर इलाके में स्थानीय व्यापारियों के साथ मनमानी सीलिंग के खिलाफ गोयल ने विरोध-प्रदर्शन किया। गोयल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कनवर्जन चार्ज के बाद भी सील हो रही दुकानों और दुकानों के नाम पर घरों की सीलिंग का मसला मानीटरिंग कमेटी के सामने उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि सीलिंग के मामले में जमीनी हकीकत की अनदेखी नहीं की जा सकती। देश की राजधानी में व्यापारी सीलिंग ड्राइव के कारण तनाव में हैं। जिन लोगों ने कनवर्जन चार्ज दे दिया है, उनकी दुकानें भी सील की जा रही हैं। इसके कारण आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सीलिंग ड्राइव को पूरा करने वाली सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त निगरानी समिति के सदस्यों को जमीन की वास्तविकताओं से अवगत नहीं है। हजारों परिवार बरबादी के कगार पर हैं। क्षेत्र में कई फैक्ट्री श्रमिकों ने अपनी आजीविका खो दी है।