हेडिंग: बिल्डिंग बायलॉज के हिसाब से हो रहा स्टेलर जीवन सोसायटी के बेसमेंट में निर्माण
स्टेलर जीवन सोसायटी के लोगों ने लगाया था अवैध निर्माण का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। स्टेलर जीवन सोसायटी के बेसमेंट में अवैध निर्माण के आरोपों को बिल्डर ने निराधार बताया है। बिल्डर का कहना है कि बिल्डिंग बॉयलॉज और प्राधिकरण की अनुमति के बाद ही स्टोर बनाए जा रहे हैं, जो सोसायटी के लोगों को ही दिए जाएंगे। वहां पर कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी।
सोसायटी के लोगों ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि बिल्डर अवैध तरीके से पार्किंग एरिया में 100 से अधिक दुकानें बना रहा है, जो महिला, बच्चों के साथ गाड़ियों के लिए भी असुरक्षित है। इस पर स्टेलर कांस्टेलेशन प्रोजेक्ट प्रा. लि. के एमडी रवि सेठी का कहना है कि पार्किंग एरिया में दुकानें नहीं बनाई जा रही है, केवल वहां पर स्टोर बनाए जा रहे हैं, जो बिल्डिंग बॉयलॉज के अनुसार हैं। किसी तरह के नियम का उल्लंघन नहीं है। निर्माण करने से पहले प्राधिकरण से भी अनुमति ली है। अनुमति पत्र को सोसायटी के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया है, लेकिन फिर भी कुछ लोग झूठी अफवाह फैला रहे हैं। इन स्टोर का उपयोग सोसायटी के लोगों को ही करना है। किसी बाहरी व्यक्ति को स्टोर नहीं दिए जाएंगे।