आईपी यूनिवर्सिटी के ईस्ट दिल्ली कैंपस अगले साल खुलेगा
-उपमुख्यमंत्री ने सूरजमल विहार में बन रहे कैंपस का दौरा किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । गुरु गोबिंद सिंह इंदप्रस्थ (आईपीयू यूनिवर्सिटी) का ईस्ट कैंपस अगले साल नवंबर में खुल जाएगा। वर्ष 2019 नवंबर तक पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में यह बनकर तैयार होगा। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री ने इस कैंपस का दौरा कर काम की प्रगति का जायजा लिया। निर्माण कार्य देख रहे अधिकारियों व इंजीनियर्स को उन्होंने हिदायत दी है कि इस कैंपस का कार्य दिनरात कर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में इस कैंपस को तैयार किया जा रहा है। इस कैंपस के खुलने से पूर्वी दिल्ली के छात्रों को लाभ होगा। यहां लगभग 1500 सीटों पर छात्र दाखिला ले सकेंगे। कैंपस में बैचलर ऑफ आर्किटेक, प्लानिंग, मास्टर आर्किटेक एवं प्लानिंग, बैचलर डिजाइन और मास्टर डिजाइन के दो वर्ष से लेकर पांच वर्ष तक के कोर्स होंगे। कैंपस के 45 फीसदी क्षेत्र में इमारत तैयार की जा रही है, जबकि 10 फीसदी क्षेत्र का प्रयोग खेल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। 100 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग तैयार होगी। इसके अलावा प्रशासनिक खंड, ऑडिटोरियम, शिक्षण खंड एवं खेल खंड होगा। साथ ही एक लाइब्रेरी ब्लॉक भी बनाया जाएगा। यहां पर 270 लड़कों और 180 लड़कियों के लिए छात्रावास की सुविधा होगी। कैंपस में भूजल संचयन की व्यवस्था के अलावा जीरो सीवेज डिस्चार्ज की व्यवस्था भी है। पूरे कैंपस में सोलर पैनल से बिजली की व्यवस्था होगी। कैंपस में एकेडमिक बिल्डिंग के चार ब्लॉक हैं।