सीलिंग मामला:
चार घंटे देरी से पहुंचे मनोज, बिना सील तोड़े भाषण देकर लौट गए
भाजपा शासित एमसीडी पर ही भ्रष्टाचार और भेदभावपूर्ण कार्रवाई का लगाया आरोप
सीलिंग पर अधिकारियों से की बात, उपायुक्त ने दो दिनों में समाधान का दिया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) की ओर से गोकलपुर में डेयरी पर दोबारा लगाई गई सील तोड़ने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भाजपा शासित एमसीडी पर ही जमकर निशाना साधा। निगम पर भ्रष्टाचार और भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए तिवारी ने कहा कि अगर यह सिलसिला थमा नहीं तो विरोध जारी रहेगा। तिवारी ने सील पुन: तोड़ने की घोषणा की थी, लेकिन वे चार घंटे देरी से पहुंचे व पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों को देख बैरिकेट्स पर ही रुककर भाषण देकर लौट गए। अधिकारियों से सीलिंग के विषय पर बातचीत की और दो दिनों में इसका समाधान करने का आग्रह किया। उन्होंने एमसीडी की इस कार्रवाई को गलत बताते हुए भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है। उपायुक्त ने उन्हें दो दिनों में इस समस्या के उचित समाधान का भरोसा दिया।
गोकलपुर गांव में शुक्रवार को एक डेयरी को ईडीएमसी ने सील किया, जिसे रविवार को भाजपा अध्यक्ष ने तोड़ दिया था। एमसीडी ने सोमवार को इसे दोबारा सील कर दिया। विरोध दर्ज कराते हुए मनोज तिवारी ने मंगलवार को उस डेयरी की सील तोड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो कार्रवाई करनी है, कर लें। तिवारी ने 11 बजे सील तोड़ने की घोषणा की थी, लेकिन वे चार घंटे देरी से पहुंचे। दरअसल, सील तोड़ने के लिए मनोज तिवारी के साथ समर्थकों के पहुंचने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पहले ही कर लिए थे। डीसीपी नॉर्थ ईस्ट ने मनोज तिवारी को आगे जाने से रोकते हुए पीड़ित मालिक कृष्ण कुमार और उसके परिजनों को वहीं बुला लिया।
गंदगी से परेशान हैं लोग
दबी जुबां में आसपास के लोगों ने कहा कि डेयरी मालिक के पास दो भैंस हैं। इस वजह से होने वाली गंदगी की शिकायत मिलने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब दो महीने पहले भी डेयरी के बाहर के निर्माण को तोड़ दिया गया था।
कोट
सरकार के इशारे पर चल रहे हैं अधिकारी
एमसीडी अधिकारी दिल्ली सरकार के इशारे पर चल रहे हैं। सीलिंग की कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है। अगर कार्रवाई हो तो एक जैसी। अगर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए लाल डोरा की जमीन पर दो भैंस रखने वालों का घर सील किया जाता रहा तो इसका विरोध फिर करेंगे।
मनोज तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
पांच घंटे मुस्तैद रही पुलिस
हालात को काबू करने के लिए डीसीपी नॉर्थ ईस्ट और डीसी सहित भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात मुस्तैद रहे। सील प्रॉपर्टी के मकान मालिक से मुलाकात की इच्छा जताई तो उन्हें बैरिकेट्स के पास रोकते हुए पीड़ित को वहीं बुला लिया। बातचीत के बाद सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि फिलहाल नए डीसी आए हैं, जिन्होंने दो दिनों में इस समस्या का समाधान का भरोसा दिया है। अगर, इसमें देरी हुई तो फिर विरोध दर्ज कराएंगे।
तिवारी ने सील तोड़ने की बात कबूली
सील तोड़ने को लेकर राजनीति गरमाने लगी है। भाजपा का दिल्ली सरकार पर आरोप लगाए गए हैं। मौके पर बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने खुद कबूल किया कि सील उन्होंने ही तोड़ी थी। उन्होंने गरीब को बेवजह प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कार्रवाई करनी है तो सभी पर एक जैसी होनी चाहिए। इसमें पिक एंड चूज किया जाना गलत है।