‘कोली की मौत हादसा नहीं राजनीतिक हत्या’
- आप की दिवंगत नेता संतोष कोली की मां ने भाजपा के मंच से लगाई न्याय की गुहार
- इस मुश्किल घड़ी में संतोष कोली के परिजनों के साथ है भाजपा : मनोज तिवारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। संतोष कोली की मौत हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत राजनीतिक हत्या थी, जिसका राजनीतिक लाभ आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री केजरीवाल को मिला। यह आरोप आप की दिवंगत नेता संतोष कोली की मां कलावती कोली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ आयोजित संवाददाता सम्मेलन में लगाए। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या कारण है कि आज तक अनुसूचित जाति समाज की संतोष के परिजनों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में कलावती ने भाजपा कार्यालय में घटना का जिक्र करते हुए बताया कि मेरी बेटी को वंदना नाम की सहयोगी ने घर आकर अरविंद केजरीवाल के निवास कौशांबी जाने को विवश किया। बेटी पार्टी के मुखिया का निर्देश टाल नहीं सकी। उसके बाद जो हुआ उसे दिल्लीवासी भी हतप्रभ रह गए। संतोष कोली की मौत को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा सीबीआई जांच के आदेश पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कोली की मां के साथ मंच साझा किया। तिवारी ने कहा कि दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए भाजपा उनके साथ खड़ी है। प्रेस कान्फ्रेंस में आप के बागी विधायक कपिल मिश्रा भी शामिल थे।