सीलिंग के खिलाफ गांवों में महापंचायत करेगी कांग्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । प्रदेश कांग्रेस ने न्याय युद्ध के तहत सीलिंग के खिलाफ दिल्ली देहात के गांवों में अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के रंगपुरी, महिपालपुर में महापंचायत बुलाई गई है।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में अभियान के संयोजक मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक विजय लोचव ने आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय को जानबूझकर गांव के मामले में सही तथ्यों की जानकारी नहीं दी गई। केंद्र सरकार व दिल्ली सरकार की गलत नीतियों के कारण देहात में भी सीलिंग की तलवार लटक गई है। गांवों के लोगों के पास अपने घरों में छोटे-छोटे काम धंधे करने के अलावा रोजगार के लिए कोई और विकल्प नहीं बचा है। गांवों में जो भी व्यावसायिक इकाईयां चल रही हैं वो घरेलू उद्योग की श्रेणी में आती हैं।
मनोज तिवारी का सीलिंग तोड़ना नाटक : मुकेश
मुकेश शर्मा ने मनोज तिवारी द्वारा सीलिंग तोडे़ जाने की घटना को नाटक बताया। उन्होंने कहा कि तिवारी ने जिस मकान की सील तोड़ी है, उसे नगर निगम के पशु पालन विभाग ने सील किया था। डेयरी की सील तोड़कर सीलिंग से प्रभावित लाखों लोगों का मजाक उड़ाया गया है। उन्होंने कहा तिवारी को इस मुद्दे पर माफी मांगना चाहिए। साथ ही केंद्र के साथ सीलिंग बंद करवाने का उपाय करना चाहिए। यदि वे ऐसा नहीं कर सकते तो दिल्ली के सातों भाजपा सांसदों को त्यागपत्र देना चाहिए।